- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- West Burdwan: सेल...
West Burdwan: सेल अधिकारियों की समस्याओं पर इस्पात मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

पश्चिम बर्दवान: भारत सरकार के इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के बर्नपुर दौरे के दौरान इस्को ऑफिसर एसोसिएशन (आइओए) के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर अधिकारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के सेवानिवृत्ति लाभ, वेतन पुनरीक्षण, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीआरपी) तथा अन्य सेवा संबंधी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार सुमन ने बताया कि मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक विचार व्यक्त किए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अधिकारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र सरकार आवश्यक पहल करेगी।
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा 30 प्रतिशत सुपरएनुएशन (सेवानिवृत्ति) लाभ का रहा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डीपीई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मिलने वाले इस लाभ के क्रियान्वयन में वर्षों की देरी हुई है। साथ ही, एनपीएस में निर्धारित नौ प्रतिशत के स्थान पर लंबे समयआा खा ं तक केवल तीन प्रतिशत अंशदान किए जाने से अधिकारियों को आर्थिक नुकसान हुआ है। इस विसंगति को दूर करने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी गई।
इसके अलावा चतुर्थ वेतन पुनरीक्षण समिति का समय पर गठन, इपीएस-95 और इपीएफ से जुड़ी विसंगतियों के समाधान की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट से रायपुर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने का भी अनुरोध किया। उनका कहना था कि इससे ईस्को स्टील प्लांट, दुर्गापुर स्टील प्लांट और भिलाई स्टील प्लांट के बीच तकनीकी एवं प्रशासनिक समन्वय को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में SAIL के Honorary CMD अशोक कुमार पांडा, Director In-Charge (ISP एवं DSP) सूरजीत मिश्रा तथा IISCO स्टील प्लांट के सभी प्रमुख फंक्शनल हेड्स भी मौजूद रहे।
IOA के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष सुशील कुमार सुमन के अलावा महासचिव निशिकांत चौधरी, उपाध्यक्ष देबप्रिय दास और शुभाशीष दास भी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार अधिकारियों के हितों से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र समाधान की दिशा में कदम उठाएगी।





