- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- पश्चिम बंगाल: बीरभूम...
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल: बीरभूम में एनकाउंटर में मारे गए रतन शेख के भाई ने कहा- 'सही सजा मिली'
jantaserishta.com
16 Nov 2026 3:01 PM IST

x
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में रविवार को पुलिस ने एनकाउंटर में शातिर अपराधी रतन शेख को ढेर कर दिया था। अब रतन शेख के बड़े भाई सलाम शेख ने इस एनकाउंटर को सही ठहराया है।
दरअसल, रविवार दोपहर को एक मुठभेड़ में रतन शेख की मौत हो गई थी। रतन के भाई सलाम ने मीडिया से कहा, "मेरा छोटा भाई होने के बावजूद, हमारे परिवार में से कोई भी उसकी आपराधिक गतिविधियों की आदत को कभी स्वीकार नहीं कर सका। वह जीवन भर किसी न किसी तरह की गड़बड़ी में लगा रहा। पिछले कुछ सालों से उसका हममें से किसी के साथ कोई संपर्क नहीं था। हालांकि हमें पूरे साल उसके कई तरह के आपराधिक कामों में शामिल होने की जानकारी मिलती रही। आखिरकार उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसलिए, उसे सही सजा मिली है।"
सलाम ने कहा कि वह अपने मृत भाई का शव नहीं लेंगे और न ही शव को अपने पैतृक गांव ले जाएंगे। उन्होंने कहा, "गांववाले भी नहीं चाहते कि मेरे भाई का शव गांव वापस आए।" बता दें कि 13 नवंबर स्थानीय पुलिस ने बोलपुर-शांतिनिकेतन के 'लाइक बाजार' इलाके में रतन शेख को पकड़ने की कोशिश की थी। तब रतन पुलिसकर्मियों पर गोली चलाकर भाग गया था, जिसमें बिस्वजीत दास नामक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया था। कांस्टेबल का कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रविवार को पुलिस फिर से रतन शेख को पकड़ने गई, जो बीरभूम जिले के नानूर थाना क्षेत्र के चारकोल गांव में एक ईंट भट्ठे पर छिपा हुआ था। उसने पुलिस पर गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में वह मारा गया।
पुलिस रिकॉर्ड बताते हैं कि नानूर के सतना गांव का रहने वाला रतन शेख एक आदतन अपराधी था। उस पर 35 आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें अवैध हथियार रखने से लेकर नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे अपराध शामिल थे। उसे पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका था लेकिन 13 नवंबर को हुई छापेमारी से पहले उसे जमानत मिल गई थी।
इस मुठभेड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि अगर कानून लागू करने वाली एजेंसियों पर हमला होता है, तो वे चुप नहीं बैठेंगी। उन्होंने कहा, "बंगाल में दुष्कर्मियों और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं है। अगर आप पुलिस पर गोली चलाएंगे, तो वे जो चाहें कर सकते हैं। गुंडों, भाग जाओ बांग्लादेश! अगर तुम यहां रहे, तो मैं जो चाहूंगा, वो करूंगा।"
उन्होंने कहा कि पुलिस को आमना-सामना होने पर मौके पर ही फैसला लेने की पूरी छूट दी गई है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





