- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- हत्यारों को पाताल से...

पश्चिम बंगाल: हावड़ा जिले के बागनान में चुनावी हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत दे के परिजनों से मिलने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उनके घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया।
परिजनों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी और परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार परिवार के साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार की आर्थिक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत नहीं की, लेकिन परिजनों के अनुसार उन्होंने कहा कि प्रशांत दे के हत्यारों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कहीं भी छिपे हों, पुलिस और जांच एजेंसियां उन्हें ढूंढ़कर सख्त कार्रवाई करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में राजनीतिक हिंसा और अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मृतक प्रशांत दे के बेटे ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि परिवार ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। हावड़ा के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि जांच में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि एक प्रमुख तृणमूल कांग्रेस नेता अब भी गिरफ्त से बाहर है।
इस पूरे मामले की जांच राज्य की सीआईडी कर रही है। सीआईडी ने 21 जून से जांच की गति तेज कर दी है और FIR में नामजद 41 अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस और सीआईडी की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है। घटना 17 जून को बागनान क्षेत्र के संतोषपुर इलाके में बूथ संख्या 197 के पास हुई थी, जहां भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत दे (39) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।





