पश्चिम बंगाल

वर्दवान रोड फ्लाईओवर का होगा शुभारंभ

Saba Naaz
26 July 2026 3:14 PM IST
वर्दवान रोड फ्लाईओवर का होगा शुभारंभ
x

सिलीगुड़ी: शहरवासियों का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। महात्मा गांधी स्क्वायर (एयरव्यू मोड़) से वर्दवान रोड को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर का उद्घाटन 27 जुलाई को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी करेंगे। करीब 1.124 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन से पहले प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने फ्लाईओवर का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक संचालन और निर्माण कार्य की अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान डीसीपी ट्रैफिक काजी शम्शुद्दीन अहमद, एडीसीपी पूर्णिमा शेरपा, एसीपी सुबीर दत्ता सहित पुलिस अधिकारियों और नगर निगम तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भी मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

पुलिस प्रशासन ने निर्देश दिया है कि उद्घाटन के बाद फ्लाईओवर पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे दोनों मार्गों पर वाहनों की आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है।

यह फ्लाईओवर सिलीगुड़ी शहर के विकास और यातायात सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। शहर के वर्दवान रोड क्षेत्र में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी। खासकर व्यस्त समय में यहां घंटों तक वाहनों की कतार लग जाती थी। फ्लाईओवर के शुरू होने से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। लोक निर्माण विभाग ने करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से इस फ्लाईओवर की योजना बनाई थी। इसका उद्देश्य वर्दवान रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करना था। लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने के बाद कई तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनें सामने आईं।

वर्ष 2019 से 2021 के बीच रेलवे क्रॉसिंग से जुड़ी मंजूरियों और कोरोना महामारी के कारण परियोजना प्रभावित हुई। कोविड काल में काम लगभग ठप हो गया था और निर्माण की समय सीमा कई बार बढ़ानी पड़ी। इसके बाद वर्ष 2022 से 2025 के बीच भी निर्माण कार्य धीमी गति से चलता रहा।

फ्लाईओवर निर्माण को गति देने के लिए अतिरिक्त धनराशि जारी की गई। सिलीगुड़ी नगर निगम के अधिकारियों की ओर से कई बार उद्घाटन की तारीखें घोषित की गईं, लेकिन तकनीकी कारणों से उद्घाटन टलता रहा। लोगों को लगातार उम्मीद थी कि जल्द ही यह सुविधा शुरू होगी।

राज्य में राजनीतिक बदलाव के बाद इस परियोजना को लेकर फिर तेजी आई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सिलीगुड़ी दौरे के बाद फ्लाईओवर के उद्घाटन की संभावना बढ़ी। प्रशासन ने ट्रायल रन और सुरक्षा जांच पूरी कर ली। सभी जरूरी तकनीकी मंजूरियां मिलने के बाद अब इसे आम जनता के लिए खोलने की तैयारी पूरी हो चुकी है।

फ्लाईओवर के शुरू होने से न केवल सिलीगुड़ी शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि व्यापार और आवागमन को भी फायदा मिलेगा। वर्दवान रोड शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में वाहन चलते हैं। इस मार्ग पर जाम कम होने से लोगों का समय बचेगा और शहर की रफ्तार बढ़ेगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फ्लाईओवर के लिए उन्होंने लंबे समय तक इंतजार किया है। अब इसके शुरू होने से उन्हें रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का दावा है कि यह परियोजना सिलीगुड़ी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

Next Story