- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- झाड़ग्राम में दंतैल...
झाड़ग्राम में दंतैल हाथी का आतंक, चक्रवात की आशंका से चिंता

झाड़ग्राम: एक ओर निम्न दबाव के प्रभाव से हो रही बारिश, तो दूसरी ओर पककर तैयार धान की फसल वाले खेतों में दंतैल हाथी का उत्पात। इस दोहरी परेशानी से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को झाड़ग्राम जिले के सांकराइल प्रखंड के चुनपाड़ा इलाके में एक दंतैल हाथी की मौजूदगी से क्षेत्र में हलचल मच गई। खेती की जमीन पर हाथी के उत्पात से कई बीघा धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों में फसल बर्बाद होने की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है। बुधवार देर रात तक कलाईकुंडा रेंज के बरडांगा बीट के वनकर्मी पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए थे।
बुधवार को चुनपाड़ा इलाके में दंतैल हाथी के घुसने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। कुछ लोग सड़क पर खड़े होकर हाथी को देखने लगे, जबकि कुछ लोग खतरे की परवाह किए बिना उसके पीछे-पीछे घूमते रहे। लोगों के इस तरह के व्यवहार से किसी भी समय अप्रिय घटना होने या जान जाने का खतरा पैदा हो गया है।
पहले से ही निम्न दबाव के कारण हो रही बारिश से किसान पककर तैयार धान की फसल को लेकर चिंतित हैं। ऐसे में दंतैल हाथी के उत्पात ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, खेती की जमीन से निकलकर पक्की सड़क पार करने के बाद हाथी फिलहाल चुनपाड़ा इलाके के एक काजू बागान में मौजूद है।
कलाईकुंडा फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर प्रणव सरकार ने बताया कि हाथियों का एक झुंड इलाके में प्रवेश कर गया है। हाथी घबराहट में इधर-उधर भटक रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर रख रही है और आवश्यक व्यवस्था कर रही है।





