पश्चिम बंगाल

तृणमूल नेता अजीत माइती चार दिन पुलिस हिरासत में रहेंगे

Admindelhi1
26 Sept 2026 3:57 PM IST
तृणमूल नेता अजीत माइती चार दिन पुलिस हिरासत में रहेंगे
x
अजीत माइती को चार दिन की कस्टडी, पुलिस करेगी पूछताछ

मेदिनीपुर: पश्चिम मेदिनीपुर जिला परिषद के सह-सभाधिपति और पिंगला के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक अजीत माइती को अदालत ने चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। शुक्रवार को उन्हें मेदिनीपुर अदालत में पेश किया गया था। उन पर पार्टी में पद दिलाने का भरोसा देकर एक कार्यकर्ता से 15 लाख रुपये लेने का आरोप है। अजीत माइती ने आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया है।

मामले में शिकायतकर्ता गोविंद दास ने 23 सितंबर को पिंगला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। गोविंद दास पहले तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता थे और वर्तमान में भाजपा में हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह मादपुर स्टेशन के पास स्थित उनके घर से अजीत माइती को गिरफ्तार किया।

अजीत माइती को अदालत में पेश किए जाने के दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उन्हें आशंका है कि जेल में उनकी मौत हो सकती है या उन्हें मार दिया जा सकता है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया।

पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने कहा कि अजीत माइती के खिलाफ रुपये लेने की शिकायत मिली है। शिकायतकर्ता के पास कितनी राशि और कब दिए जाने से संबंधित रसीद होने की बात कही गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अदालत में पुलिस ने अजीत माइती की पांच दिनों की हिरासत मांगी थी। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। देर शाम माइती के वकीलो से पूछने पर उन्होंने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि मामले में लगाए गए आरोपों का कोई आधार नहीं है।

Next Story