पश्चिम बंगाल

तृणमूल Congress ने घटना को लेकर उठाए सवाल

Saba Naaz
1 July 2026 3:46 PM IST
तृणमूल Congress ने घटना को लेकर उठाए सवाल
x

पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपने आवास पर हमले का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर CCTV फुटेज और तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से उनके घर के बाहर पहुंचा और पत्थर फेंककर हमला किया, जिससे पहली मंजिल की खिड़कियों के शीशे टूट गए।

वीडियो में हरे रंग की कमीज पहने एक व्यक्ति हेलमेट लगाकर मोटरसाइकिल से आता दिखाई दे रहा है। वह सड़क किनारे पड़ा बड़ा पत्थर उठाकर घर की ओर फेंकता है, पहली बार में पत्थर नीचे गिरने के बाद वह फिर से उठाकर दोबारा हमला करता है और तुरंत मौके से फरार हो जाता है।

अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह घटना केवल कानून व्यवस्था की विफलता नहीं बल्कि राज्य में बढ़ती हिंसा का संकेत है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा हुआ है और उन्हें संरक्षण मिलने का भरोसा है। उन्होंने हाल में पारित पश्चिम बंगाल लोक सुरक्षा एवं समाजविरोधी गतिविधि नियंत्रण विधेयक 2026 पर भी सवाल उठाए।घटना के बाद उन्होंने टूटे शीशों की तस्वीरें भी साझा कीं और कहा कि राज्य में माहौल चिंताजनक है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा को देखते हुए बनर्जी के आवास के बाहर बैरिकेड लगाए गए हैं। भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। राजनीतिक हलकों में इस घटना को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।

Next Story