पश्चिम बंगाल

उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा, कैंची धाम में पंजीकरण के लिए बनेगा ऐप

Admindelhi1
26 Nov 2026 2:42 PM IST
उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा, कैंची धाम में पंजीकरण के लिए बनेगा ऐप
x
कुमाऊं में पर्यटन को लगेंगे नए पंख, रोजगार और स्वरोजगार के बढ़ेंगे अवसर

नैनीताल: उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग विभिन्न योजनाओं पर काम कर रहा है। कैंची धाम और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए वहन क्षमता के अनुसार श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के प्रवेश के लिए पंजीकरण ऐप तैयार करने की कवायद चल रही है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य के अनुसार, कैंची धाम में पर्यटन सीजन के दौरान प्रतिदिन 20 से 25 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि ऑफ सीजन में यह संख्या 10 से 12 हजार रहती है। पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए हल्द्वानी और भीमताल में कार्निवाल तथा मुक्तेश्वर से मसूरी तक करीब 680 किलोमीटर लंबी माउंटेन बाइक रेस का आयोजन किया गया है।

ओखलकांडा की हरीशताल झील के सौंदर्यीकरण और नए ट्रेकिंग मार्गों को लोकप्रिय बनाने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। जिले में एक हजार से अधिक होम स्टे संचालित हैं। वहीं, रामनगर, मुक्तेश्वर और रामगढ़ वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित हो रहे हैं।

पर्यटन अधिकारी ने शीतकाल में पर्यटकों से सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने और प्रशिक्षित गाइड के बिना दुर्गम एवं बर्फबारी वाले क्षेत्रों में ट्रेकिंग नहीं करने की अपील की है।

Next Story