पश्चिम बंगाल

Titagarh: टीटागढ़ नगर पालिका में इस्तीफों से हलचल, छह पार्षदों ने छोड़ी अपनी कुर्सी

Admindelhi1
30 May 2026 2:22 PM IST
Titagarh: टीटागढ़ नगर पालिका में इस्तीफों से हलचल, छह पार्षदों ने छोड़ी अपनी कुर्सी
x
टीटागढ़ नगर पालिका में असंतोष खुलकर सामने आया, 6 पार्षदों ने पद छोड़ा

टीटागढ़: राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव और लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद उत्तर 24 परगना जिले की टीटागढ़ नगरपालिका में बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है। 23 वार्डों वाली इस नगरपालिका में शुक्रवार को वाइस चेयरमैन और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष समेत छह पार्षदों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया।

इस्तीफा देने वालों में टीटागढ़ नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन प्रशांत चौधरी और वर्तमान वाइस चेयरमैन मोहम्मद जलील शामिल हैं। इनके अलावा पार्षद मुजीबर रहमान, आशा शर्मा, सरस्वती दास और इनाम खान ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

नगरपालिका सूत्रों के अनुसार, कुल 23 वार्डों में से दो पार्षदों का पहले ही निधन हो चुका था। ऐसे में फिलहाल 21 पार्षद कार्यरत थे। उन्हीं में से छह पार्षदों ने शुक्रवार को एक साथ अपना इस्तीफा सौंप दिया।

इस्तीफे के बाद पार्षदों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आरोप लगाया कि वे नगरपालिका में नागरिकों के हित में ठीक ढंग से काम नहीं कर पा रहे थे। उनका कहना है कि विकास कार्यों में लगातार बाधाएं आ रही थीं।

पार्षदों ने यह भी दावा किया कि हालिया लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनका कोई संपर्क या समन्वय नहीं रह गया था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसी नाराजगी और राजनीतिक दूरी के कारण इन नेताओं ने सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला किया।

इस सामूहिक इस्तीफे के बाद टीटागढ़ नगरपालिका बोर्ड के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

Next Story