पश्चिम बंगाल

सीबीजी क्षेत्र के लिए नई नीति का इंतजार जल्द होगा खत्म

Admindelhi1
14 Oct 2026 11:45 AM IST
सीबीजी क्षेत्र के लिए नई नीति का इंतजार जल्द होगा खत्म
x
दुर्गा पूजा के बाद सीबीजी नीति पर सरकार का फैसला

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उद्योग मंत्री तपस राय ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार अपनी नई औद्योगिक नीति दुर्गा पूजा के बाद जाहिर करेगी। केंद्र की गोबरधन पहल के तहत संपीड़ित जैव गैस (सीबीजी) को लेकर नई नीति बनाएगी। उन्होंने बताया कि सतत ऊर्जा को बढ़ावा देने और निवेश आकर्षित करने के लिए सीबीजी नीति तैयार की जा रही है। राज्य की नई औद्योगिक नीति दुर्गापूजा के बाद घोषित होगी।

कोलकाता में भारतीय वाणिज्य मंडल (आईसीसी) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री ने विभिन्न देशों के राजनयिकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के सामने राज्य में औद्योगिक विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसमें निवेश प्रोत्साहन, समय सीमा के भीतर मंजूरी, उद्योगों को संस्थागत सहायता और प्रोत्साहन राशि के भुगतान पर जोर दिया गया।

गोबरधन पहल के तहत पशुओं के गोबर, कृषि अवशेष, खाद्य अपशिष्ट और अन्य जैविक पदार्थों से बायोगैस, संपीड़ित जैव गैस तथा जैविक खाद तैयार की जाती है।

मंत्री ने बताया कि राज्य में उद्योगों के लिए भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जीआईएस आधारित औद्योगिक भूमि बैंक बनाया गया है। इसमें औद्योगिक पार्कों की अनुपयोगी भूमि, स्वामित्व संबंधी जानकारी और बुनियादी सुविधाओं का विवरण उपलब्ध है। विभिन्न विभागों से मंजूरी के लिए एकल खिड़की प्रणाली भी लागू की गई है।

नई औद्योगिक नीति में भारी विनिर्माण, इंजीनियरिंग, इस्पात, रसायन और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों को प्राथमिकता देने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही जूट, चाय, कपड़ा, परिधान, रत्न एवं आभूषण और बंदरगाह आधारित परिवहन सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

नीति में निर्यात बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए यूरोपीय संघ, न्यूजीलैंड, ओमान और ब्रिटेन के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौतों से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने की योजना है। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक क्षमता केंद्रों की रूपरेखा और उद्यम पूंजी सहायता का भी प्रस्ताव है।

वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत करने पर जोर दिया। निवेश प्रस्तावों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए मंत्रियों का एक समूह गठित किया गया है। इस संबंध में 11 अगस्त 2026 को संबंधित पक्षों के साथ बैठक हुई थी।

प्रस्तावित परियोजनाओं में मित्सुबिशी, ब्लैकस्टोन, आर्सेलरमित्तल और डेसुंग के साथ सेमीकंडक्टर क्षेत्र में चर्चा शामिल है। इसके अलावा पूर्व मेदिनीपुर में गहरे समुद्र का बंदरगाह और कल्याणी में नया हवाई अड्डा बनाने का प्रस्ताव है। मंत्री के अनुसार, जापान, दक्षिण कोरिया, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, नीदरलैंड, आयरलैंड और जर्मनी के प्रतिनिधियों ने निवेश में रुचि दिखाई है। सरकार पश्चिम बंगाल मूल के प्रवासियों को भी राज्य के आर्थिक विकास में भागीदारी के लिए आमंत्रित कर रही है।

Next Story