- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- गोदाम ढहने की वजह पर...
गोदाम ढहने की वजह पर खुली सच्चाई, जांच रिपोर्ट में खुलासा

पश्चिम बंगाल: कोलकाता के तारातला इलाके में हुए गोदाम हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल अलग-अलग अस्पतालों में इलाजरत हैं। इस मामले में पुलिस ने अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच तेजी से जारी है। पांचवें दिन सामने आई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में हादसे की गंभीर वजहों का खुलासा हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार, गोदाम के निर्माण में बुनियादी तकनीकी मानकों और वैज्ञानिक तरीकों का पालन नहीं किया गया था। कंक्रीट डालने की प्रक्रिया बेहद लापरवाही से की गई, जिससे पूरी संरचना कमजोर हो गई। जांच में यह भी सामने आया है कि लोहे के बीमों में सही तरीके से पेंच (स्क्रू) नहीं लगाए गए थे। जिन टिन शेड्स पर कंक्रीट डाली जा रही थी, वे पूरी तरह खुले हुए थे और उन्हें मजबूती से जोड़ा भी नहीं गया था। केवल कुछ टिनों को ही आपस में हल्के पेंच से जोड़ा गया था, जिससे पूरा ढांचा अस्थिर हो गया।
भारी कंक्रीट का भार सहन करने की क्षमता न होने के कारण टिन शेड्स दबाव में टूट गए और सीमेंट-रेत का मिश्रण कुछ ही समय में नीचे गिरने लगा। इसी वजह से पूरी संरचना एक झटके में ढह गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बड़ी संरचना के लिए 8 मिमी की छड़ों का इस्तेमाल भी बेहद कमजोर था। वेल्डिंग में अलग-अलग तरह के लोहे के टुकड़ों का उपयोग किया गया, जो मानक निर्माण प्रक्रिया के खिलाफ था।
जांचकर्ताओं का मानना है कि यह हादसा किसी एक गलती का नहीं, बल्कि निर्माण में हुई कई गंभीर लापरवाहियों का परिणाम है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।





