पश्चिम बंगाल

नवविवाहिता ने पति से विवाद होने पर सरेआम खुद को लगाई आग

Admin Delhi 1
21 March 2022 7:35 AM GMT
नवविवाहिता ने पति से विवाद होने पर सरेआम खुद को लगाई आग
x

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बेहला इलाके में एक नवविवाहिता ने सड़क पर पति से विवाद होने के बाद खुद के शरीर में आग लगा ली। घटना रविवार देर शाम की है। इसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें देखा जा सकता है कि एक महिला के शरीर में आग लगी है और वह चीखते चिल्लाते हुए मैदान में दौड़ रही है। पर्णश्री थाने की पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा उसके पति उत्तम गायन को पुलिस ने धर दबोचा है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गत 11 अक्टूबर को दोनों की शादी हुई थी लेकिन उत्तम पहले से शादीशुदा था और यह बात युवती से छिपाई थी। इतना ही नहीं उत्तम ने उसकी कई अश्लील तस्वीरें भी निकाल ली थी जिन्हें वायरल करने की धमकी दे रहा था। उसके शादीशुदा होने की जानकारी मिलने के बाद युवती अपने घर चली गई थी।

इस बीच रविवार शाम को उत्तम ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। बेहला के आर्य समिति क्लब के मैदान में दोनों मिले थे और देखते ही देखते विवाद हो गया जिसके बाद लड़की ने खुद के शरीर में आग लगा ली। स्थानीय लोगों ने पहले आग बुझाने की कोशिश की जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जांच जारी है।

Next Story