पश्चिम बंगाल

South Dinajpur: महिलाओं ने संभाली कमान, बालुरघाट में तोड़ी गईं अवैध शराब भट्टियां

Admindelhi1
4 Jun 2026 10:27 AM IST
South Dinajpur: महिलाओं ने संभाली कमान, बालुरघाट में तोड़ी गईं अवैध शराब भट्टियां
x

दक्षिण दिनाजपुर: लंबे समय से अवैध देशी शराब के कारोबार से परेशान बालुरघाट ब्लॉक के भाटपाड़ा ग्राम पंचायत इलाके में बुधवार को महिलाओं ने जोरदार विरोध का अनोखा उदाहरण पेश किया। स्थानीय आबकारी विभाग और बालुरघाट थाना पुलिस के संयुक्त अभियान में गांव की महिलाएं भी खुलकर सामने आई और अवैध शराब के अड्डों को ध्वस्त करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही क्षेत्र की गृहिणियों ने आबकारी विभाग के दफ्तर पहुंचकर इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया था। उनकी शिकायत के आधार पर बुधवार को प्रशासन ने चकभिकन, गाजीपुर और शिवरामपुर समेत कई गांवों में छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 90 लीटर अवैध शराब बरामद की और लगभग 690 लीटर गुड़ से तैयार हो रहे कच्चे घोल को नष्ट कर दिया। इस पूरे ऑपरेशन में सबसे खास बात रही महिलाओं की भागीदारी जो महिलाएं पहले डर के कारण सामने नहीं आ पाती थीं, वे इस बार पुलिस के साथ मिलकर खुद ही शराब के ठिकानों को तोड़ने में जुट गईं।

स्थानीय महिलाओं, जिनमें पली बर्मन और सुखमनी पाहन शामिल हैं, का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे ऐसे अवैध कामों के खिलाफ खुलकर आवाज उठा पा रही हैं।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन की सख्ती और महिलाओं के इस साहसिक कदम से अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह खत्म हो सकेगा।

Next Story