पश्चिम बंगाल

South 24 Parganas: कैनिंग में हिंसा, तीन भाजपा कार्यकर्ता घायल

Admindelhi1
19 March 2026 1:46 AM IST
South 24 Parganas: कैनिंग में हिंसा, तीन भाजपा कार्यकर्ता घायल
x

दक्षिण 24 परगना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं की एक बैठक पर हमले का आरोप तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों पर लगा है। घटना दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बांशड़ा ग्राम पंचायत के संग्रामीनगर इलाके की है। हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

आरोप है कि शुभमय मन्ना और उनके परिवार पर हमला किया गया, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कैनिंग महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में स्थानीय पंचायत के उपप्रधान काशेम सरदार और उनके समर्थकों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार को केंद्र से एक भाजपा पदाधिकारी चुनावी प्रचार के सिलसिले में इलाके में पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद बच्चू मन्ना के घर पर दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई थी। आरोप है कि इसी दौरान तृणमूल की एक पंचायत सदस्य ने घर की तस्वीरें लेना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मिलकर हमला कर दिया।

बताया गया कि बच्चू मन्ना, उनके बेटे शुभमय और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि इलाके में पार्टी से जुड़े होने के कारण यह हमला किया गया।

हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि उनकी पंचायत सदस्य सपना हालदार इलाके में दीवार लेखन कर रही थीं, तभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिसके चलते यह विवाद हुआ। पार्टी ने भाजपा के आरोपों को निराधार बताया है।

Next Story