पश्चिम बंगाल

Siliguri: खूंटी पूजा के साथ सेंट्रल कॉलोनी दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू

Admindelhi1
10 Aug 2026 9:00 AM IST
Siliguri: खूंटी पूजा के साथ सेंट्रल कॉलोनी दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू
x

सिलीगुड़ी: पिछले कुछ महीनों से यह चर्चा जोरों पर थी कि इस बार शायद सेंट्रल कॉलोनी की पारंपरिक दुर्गा पूजा आयोजित नहीं हो पाएगी। लेकिन स्थान बदलने के बावजूद इस साल भी सेंट्रल कॉलोनी दुर्गा पूजा के आकर्षण में कोई कमी नहीं आएगी—ऐसा विश्वास पूजा कमेटी के सदस्यों ने जताया है। इसी विश्वास के साथ 64वें वर्ष में प्रवेश कर रही सेंट्रल कॉलोनी दुर्गा पूजा कमेटी की रविवार को खूंटी पूजा संपन्न हो गई है।

दरअसल, जिस मैदान में वर्षों से पूजा होती आ रही थी, वहां फिलहाल रेलवे स्टेडियम का निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे आयोजन को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई थी।

हालांकि, सभी बाधाओं को पार करते हुए कमेटी ने पूजा आयोजन का फैसला किया है। इस वर्ष यह भव्य पूजा एनजेपी थाना के पास स्थित बैरक कॉलोनी मैदान में आयोजित होगी।

रविवार को विधि-विधान के साथ खूंटी पूजा (भूमि पूजन) संपन्न हुई। परंपरा के अनुसार रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान से मिट्टी और खंभा लाकर नए स्थल पर पूजा की शुरुआत की गई।

पूजा कमेटी के सचिव सौरभ नाथ ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही इस परंपरा को बनाए रखने के लिए सभी बाधाओं के बावजूद इस वर्ष भी आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थान बदलने के बावजूद आकर्षण में कोई कमी नहीं होगी, बल्कि इस बार पहले से ज्यादा भीड़ होने की उम्मीद है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और दर्शकों से अपील की है कि वे सेंट्रल कॉलोनी की 64वीं दुर्गा पूजा में शामिल होकर उत्सव का आनंद लें।

Next Story