- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Siliguri:...
Siliguri: दार्जिलिंग-कालिम्पोंग के विकास पर अधिकारियों ने की चर्चा

सिलीगुड़ी: उत्तरकन्या में राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष के नेतृत्व में शनिवार को दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों को लेकर प्रशासनिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पहाड़ और डुआर्स के विकास कार्यों, पंचायतों की स्थिति, गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) के कामकाज और कर्मचारियों की कमी समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि बैठक अच्छी और विस्तृत रही है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के कुछ इलाकों में समस्याओं, जीटीए में कर्मचारियों की कमी और लगातार बारिश के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है।
मंत्री के मुताबिक, सभी बीडीओ से बातचीत कर समस्याओं की पहचान की गई है और आने वाले दिनों में विकास कार्यों में तेजी लाने का प्रयास किया जाएगा।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर दिलीप घोष ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती रही है। शिकायत प्राप्त होने वाली करीब दस प्रतिशत पंचायतों में विशेष ऑडिट कराया जा रहा है। उन्होंने जीटीए में भी भ्रष्टाचार की शिकायतें होने का दावा किया और कहा कि कर्मचारियों तथा बुनियादी ढांचे की कमी को दूर करने के लिए कदम उठाए जा रहे है।
बैठक के बाद राज्य की राजनीतिक स्थिति और आगामी उपचुनाव को लेकर भी मंत्री से सवाल किए गए। उपचुनाव और दल-बदल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कोई भी उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकता है और अभी समय बाकी है। उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक दल की आंतरिक समस्या की जिम्मेदारी भाजपा की नहीं है।दिलीप घोष ने दावा किया कि बंगाल की जनता भाजपा से विकास चाहती है और उपचुनाव के नतीजे भी इसी दिशा में जाएंगे। उन्होंने भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया। हालांकि, यह उनके राजनीतिक दावे के रूप में ही देखा जाना चाहिए।





