पश्चिम बंगाल

शुभेंदु अधिकारी ने बचाव टीम को सराहा

Saba Naaz
4 July 2026 7:31 PM IST
शुभेंदु अधिकारी ने बचाव टीम को सराहा
x

कोलकाता: तारातला इलाके में हुए गोदाम हादसे में राहत और बचाव कार्य में शामिल कर्मियों को शनिवार को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन कोलकाता पुलिस की ओर से किया गया था, जिसमें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बचावकर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके कार्य की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 जून को हुए इस हादसे में कई एजेंसियों ने मिलकर बेहतरीन तालमेल के साथ काम किया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी। हादसे में कुल 16 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 17 लोग घायल हुए थे। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से सबक लेकर अब निर्माण और भवन सुरक्षा नियमों की सख्त निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कोलकाता पुलिस, दमकल विभाग, आपातकालीन सेवाओं, रेलवे, सेना, एनडीआरएफ और मेडिकल टीमों के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपात स्थिति में सभी एजेंसियों का समन्वय बेहद जरूरी है, और तारातला हादसे ने यह साबित किया कि मिलकर काम करने से बड़ी से बड़ी आपदा में भी जान बचाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने बचावकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी ने मिलकर 17 लोगों की जान बचाने में सफलता हासिल की, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सेना और एनडीआरएफ के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।

स्थानीय लोगों की भूमिका की भी मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की, जिन्होंने हादसे के तुरंत बाद राहत कार्य शुरू किया था। उन्होंने कहा कि तारातला के युवाओं और स्थानीय नागरिकों का योगदान सराहनीय है और वे जल्द ही क्षेत्र का दौरा कर उनका व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद करेंगे। कार्यक्रम में मंत्री अग्निमित्रा पॉल, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी विभागों को और अधिक सतर्क रहना होगा और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना होगा।

Next Story