- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- बटुकेश्वर दत्त की...
बटुकेश्वर दत्त की जयंती पर शुभेंदु अधिकारी ने अर्पित की श्रद्धांजलि

कोलकाता: भगत सिंह के साथ केंद्रीय विधानसभा में ब्रिटिश शासन की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त को उनकी जयंती पर याद किया गया। शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि संदेश साझा कर उनके साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया।
उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “ब्रिटिश विरोधी स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।”
बटुकेश्वर दत्त का जन्म 18 नवंबर 1910 को तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी के खंडघोष क्षेत्र में हुआ था। यह क्षेत्र वर्तमान में पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में स्थित है। वह हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन से जुड़े थे और भगत सिंह के निकट सहयोगी थे।
आठ अप्रैल 1929 को बटुकेश्वर दत्त और भगत सिंह ने ब्रिटिश शासन की नीतियों के विरोध में दिल्ली स्थित केंद्रीय विधानसभा में बम विस्फोट किया था। घटना के बाद दोनों ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए और गिरफ्तारी दी। इस मामले में उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
कारावास के दौरान भी बटुकेश्वर दत्त ने राजनीतिक बंदियों के साथ किए जा रहे व्यवहार का विरोध किया। उन्होंने बंदियों के अधिकारों के लिए भूख हड़ताल में भाग लिया।
देश की स्वतंत्रता के संघर्ष को अपना जीवन समर्पित करने वाले बटुकेश्वर दत्त का निधन 20 जुलाई 1965 को नई दिल्ली में हुआ था।





