पश्चिम बंगाल

शारदा चिट फंड घोटाला: आरोपी ने इन नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप, कही ये बात

HARRY
30 Jun 2022 4:07 PM GMT
शारदा चिट फंड घोटाला: आरोपी ने इन नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप, कही ये बात
x

शारदा चिट फंड घोटाले के आरोपी सुदीप्त सेन ने बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी और टीएमसी नेता मुकुल रॉय पर बड़ा आरोप लगाया है। सुदीप्त ने कहा है कि उन्होंने इन नेताओं के साथ शुभेंदु अधिकारी के छोटे भाई को पैसे दिए थे। बता दें कि मुकुल रॉय पिछले साल भाजपा में चले गए थे और बाद में टीएमसी में फिर लौट आए। वहीं विधानसभा चुनाव से पहले शुभेंदु अधिकारी टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। सुदीप्त सेन को सुनवाई के लिए कोलकाता की कोर्ट ले जाया जा रहा था। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने ये आरोप लगाए।

सेन ने पत्रकारों से बताया कि उन्होंने राज्य सरकार को पत्र लिखा है और उसमें केवल शुभेंदु अधिकारी का ही नाम नहीं बल्कि मुकुल रॉय और अधीर रंजन चौधरी का भी है। उन्होंने कहा, हमारी कंपनी ईस्ट मिदनापुर जिले के कोंताई टाउन में हाई राइज बिल्डिंग बना रही थी। हमने कोंताई कोंताई नगर महापालिका को 90 लाख रुपये दिए जो कि शुभेंदु अधिकारी ने मांगे थे। इसमें उनके भाई सौमेंदु भी शामिल थे। इसके बावजूद बिल्डिंग प्लान पास नहीं किया गया।
सेन ने यह नहीं बताया कि यह मामला कब का है। हालांकि अंदाजा लगाया जा रहा है कि जब कोंताई नगर महापालिका का नियंत्रण अधिकारी भाइयों के पास था, मामला उसी वक्त का होगा। बता दें कि अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी और भाई दिब्येंदु अधिकारी दोनों ही ईस्ट मिदनापुर से लोकसभा सदस्य हैं।
सेन को बंगाल पुलिस ने 2013 में कश्मीर के एक होटल से गिरफ्तार किया था। वह शारदा ग्रुप के चेयरमैन थे। तब से वह हिरासत में ही हैं। शुभेंदु अधिकारी ममता सरकार में कैबिनेट मंत्री थे लेकिन 2020 में भाजपा में शामिल हो गए थे। सौमेंदु ने 2021 में भाजपा जॉइन कर ली थी। शारदा चिट फंड केस में सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जो एफआईआर दर्ज की थी उसमें मुकुल रॉय और शुभेंदु अधिकारी का नाम था। इस मामले में ईडी भी जांच कर रही है।
मुकुल रॉय ने अपने प्रतिनिधि से कहलवाया कि सेन के आरोपों के बारे में उन्हें पता नहीं है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि वह सेन के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा, सुदीप्त सेन इसी तरह के आरोप पहले भी लगा चुके हैं। मैंने अपने वकील से उन्हें मानहानि का नोटिस भिजवा दिया है। अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। ममता बनर्जी सेन का इस्तेमाल मेरे खिलाफ कर रही हैं।
क्या है शारदा घोटाला
दरअसल पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लगभग 18 लाख निवेशकों से 2,460 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। इस पैसे को 34 गुना करके वापस करने का लुभावना वादा किया गया था। लेकिन किसी को पैसा वापस नहीं किया गया। ग्रुप के मीडिया डिविजन के हेड रहे कुणाल घोष इस मामले में दो साल जेल में रह चुके हैं। टीएमसी अब मांग कर रही है कि इस मामले में शुभेंदु अधिकारी से भी पूछताछ होनी चाहिए। जब बहुत सारे लोगों को सीबीआई जांच का सामना करना पड़ रहा है तो शुभेंदु को क्यों नहीं।
Next Story