- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- बोले पीएम मोदी-यकीन है...
बोले पीएम मोदी-यकीन है राज्यसभा के उत्कृष्ट अध्यक्ष होंगे

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ आगामी छह अगस्त को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार होंगे। एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद जगदीप धनखड़ को बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर राज्यपाल धनखड़ को बधाई दी। पीएम ने कहा कि खुशी है कि वह हमारे उपराष्ट्रपति उम्मीदवार होंगे।
पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'किसान पुत्र जगदीप धनखड़ जी अपनी विनम्रता के लिए जाने जाते हैं। वह अपने साथ एक शानदार कानूनी, विधायी और गवर्नर करियर लेकर आए हैं। उन्होंने हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचितों की भलाई के लिए काम किया है। खुशी है कि वह हमारे उपराष्ट्रपति उम्मीदवार होंगे।'
एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा, 'श्री जगदीप धनखड़ जी को हमारे संविधान का उत्कृष्ट ज्ञान है। वह विधायी मामलों से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं। मुझे विश्वास है कि वह राज्यसभा में एक उत्कृष्ट अध्यक्ष होंगे और राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सदन की कार्यवाही का मार्गदर्शन करेंगे।'
जेपी नड्डा ने किया नाम का ऐलान
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई बीजेपी की संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में जगदीप धनखड़ के नाम का ऐलान किया। उन्होंने कहा, 'किसान पुत्र जगदीप धनखड़ राजग के उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी होंगे। धनखड़ जी, एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने सामाजिक और आर्थिक बाधाओं को पार करते हुए अपने जीवन में उच्च लक्ष्य को प्राप्त किया और देश की सेवा करने में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी।'
19 जुलाई नामांकन की आखिरी तारीख
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 जुलाई है और मतदान छह अगस्त को निर्धारित है। मौजूदा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। देश के उपराष्ट्रपति को चुनने के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल होते हैं। संसद में सदस्यों की मौजूदा संख्या 780 है, जिनमें से केवल भाजपा के 394 सांसद हैं। जीत के लिए 390 से अधिक मतों की आवश्यकता होती है।
Shri Jagdeep Dhankhar Ji has excellent knowledge of our Constitution. He is also well-versed with legislative affairs. I am sure that he will be an outstanding Chair in the Rajya Sabha & guide the proceedings of the House with the aim of furthering national progress. @jdhankhar1 pic.twitter.com/Ibfsp1fgDt
— Narendra Modi (@narendramodi) July 16, 2022





