- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- दुर्गापुर स्टील...
दुर्गापुर स्टील अस्पताल की सुरक्षा पर उठे सवाल, यूनियन ने जताया विरोध

दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्टील अस्पताल में मंगलवार को कक्षों की ओर जाने वाले कॉरिडोर की फॉल्स सीलिंग अचानक गिर गई। हादसे में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
अस्पताल की जर्जर व्यवस्था के विरोध में बुधवार को इंटक समर्थित हिंदुस्तान स्टील वर्कर्स यूनियन ने प्रदर्शन किया। यूनियन के महासचिव रजत दीक्षित और इंटक जिलाध्यक्ष सुभाष साहा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अस्पताल के रखरखाव पर सवाल उठाए।
कुछ दिनों पहले भी इसी अस्पताल में कांच का ढांचा गिरने से दो मरीज घायल हुए थे। यूनियन महासचिव रजत दीक्षित ने आरोप लगाया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के निजीकरण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे के रखरखाव में लापरवाही बढ़ रही है। उन्होंने संबंधित एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई।





