पश्चिम बंगाल

Purulia: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में सड़क दुर्घटना, नौ की मौत

Admindelhi1
21 Jun 2025 9:53 AM IST
Purulia: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में सड़क दुर्घटना, नौ की मौत
x
दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुआ ट्रेलर चालक

पुरुलिया: पश्चिम बंगाल में पुरुलिया के बलरामपुर थानांतर्गत नामशोल गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुए सभी लोग झारखंड के रहने वाले थे। हादसा जमशेदपुर-पुरुलिया नेशनल हाईवे 18 पर हुआ।

पुलिस के अनुसार, बलरामपुर की ओर से आ रहे एक ट्रेलर और विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इससे दोनों वाहन पलट गए। स्थानीय लोगों और बलरामपुर पुलिस ने बोलेरो सवार 9 लोगों को लहूलुहान हालत में निकाला और ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना का शिकार हुए बोलेरो सवार लोग झारखंड के निमड़ी इलाके से पुरुलिया शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे।

मृतकों में बृहस्पति महत, गुरुपद महत, शंकर महत, विजय महत, अजय महत, कृष्णा महत, स्वपन महत शामिल हैं। ये सभी झारखंड के निमड़ी थाना अंतर्गत तिलैतन गांव के रहने वाले थे। इसके अलावा निमड़ी थानांतर्गत रघुनाथपुर गांव निवासी चंद्रमोहन महत और मुरू गांव निवासी चितरंजन महत की भी दुर्घटना में मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत बनर्जी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी 9 शवों को बरामद कर लिया गया है।दुर्घटना के कारणों की जांच चल रही है। दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए ट्रेलर चालक और उसके सहायक की तलाश की जा रही है।

Next Story