पश्चिम बंगाल

दीघा में हेलीकॉप्टर सेवा दोबारा शुरू करने की तैयारी, लौटेगा झाऊ जंगल

Admindelhi1
10 Nov 2026 4:29 PM IST
दीघा में हेलीकॉप्टर सेवा दोबारा शुरू करने की तैयारी, लौटेगा झाऊ जंगल
x
हेलीकॉप्टर सेवा और झाऊ जंगल की वापसी से दीघा को मिलेगी नई पहचान

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के प्रमुख पर्यटन केंद्र दीघा को और अधिक आधुनिक एवं आकर्षक बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई नई योजनाओं की घोषणा की है। दीघा में एक बार फिर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही समुद्र तट के किनारे झाऊ जंगल और मैंग्रोव वन को भी फिर से विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार रात दीघा-शंकरपुर विकास परिषद (डीएसडीए) में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दीघा में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पहले दीघा के समुद्र तट के किनारे झाऊ के पेड़ पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र हुआ करते थे। विकास कार्यों के दौरान इन पेड़ों को काट दिया गया था। अब झाऊ जंगल और मैंग्रोव वन को दोबारा विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे दीघा की प्राकृतिक सुंदरता लौटने के साथ समुद्री तट के कटाव को रोकने में भी सहायता मिलेगी।

चांदपुर और शंकरपुर क्षेत्र में समुद्री कटाव रोकने के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा तालपट्टी से उदयपुर तक लगभग 27 किलोमीटर लंबे समुद्र तटीय क्षेत्र को विभिन्न पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना और मध्यम तथा निम्न आय वर्ग के परिवारों को कम खर्च में पर्यटन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शौला से पेटुआघाट तक मरीन ड्राइव बनाने की भी योजना है। दीघा, ताजपुर और मंदारमणि में पहले से ही बड़ी संख्या में होटल हैं। अब इन क्षेत्रों में होमस्टे की सुविधा को भी बढ़ावा दिया जाएगा। निर्धारित पर्यटन क्षेत्रों में चार बिस्तरों वाले नए होमस्टे बनाने वाले उद्यमियों को पांच लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी।

दीघा में पहले संचालित हेलीकॉप्टर सेवा को भी फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा ट्रेन से दीघा पहुंचने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। इन बसों के माध्यम से पर्यटक कम खर्च में मंदारमणि, ताजपुर और चंदनेश्वर जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकेंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य के पर्यटन एवं परिवहन विभाग के सहयोग से दीघा-शंकरपुर विकास परिषद इन बसों का संचालन करेगी।

Next Story