- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- North 24 Parganas:...
North 24 Parganas: भाजपा कार्यकर्ता के घर पर फायरिंग के आरोप से भाटपाड़ा में तनाव

उत्तर 24 परगना: पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ के दौरे के बीच सोमवार शाम उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा इलाके में गोलीबारी की घटना सामने आई है। आरोप है कि कुछ बदमाशों ने एक भाजपा कार्यकर्ता को निशाना बनाकर फायरिंग की। घटना जगद्दल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भाटपाड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 35 की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ बदमाश भाजपा कार्यकर्ता राजू साव के घर पहुंचे। उस समय राजू साव घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके भाई अमित साव घर पर थे। आरोप है कि बदमाशों ने अमित साव को घर से बाहर बुलाकर उनके साथ मारपीट की और घर की ओर गोली चलाई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
परिवार का दावा है कि राजू साव एक दिन पहले बैरकपुर में आयोजित भाजपा की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ में शामिल हुए थे। इसी को लेकर तृणमूल समर्थित गुंडों ने हमला किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर 24 परगना जिले के भाजपा के सह-उपाध्यक्ष प्रियंगु पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े होने के कारण कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और इलाके में दहशत का माहौल बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर चुनाव आयोग राज्य में शांतिपूर्ण चुनाव की बात कर रहा है, लेकिन इस तरह की घटनाओं से स्थिति को लेकर चिंता बढ़ रही है।
सूचना मिलने पर भाटपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।





