- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- North 24 Parganas:...
North 24 Parganas: जमीन अधिग्रहण मामले को लेकर घोजाडांगा में प्रशासनिक बैठक आयोजित

उत्तर 24 परगना: घोजाडांगा सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने और जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया को तेज करने के लिए मंगलवार को एक अहम प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कैंप में हुई, जिसमें सीमा पर जल्द कंटीली तार (फेंसिंग) लगाने की योजना पर चर्चा की गई।
बैठक में उत्तर 24 परगना की जिलाधिकारी शिल्पा गौरी सरिया, बशीरहाट सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट जेसलिन कौर, डिस्ट्रिक्ट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस अलकनंदा भवाल, एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस पार्थ घोष, बीएसएफ के अधिकारी, केंद्रीय खुफिया विभाग और भूमि राजस्व विभाग के प्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रशासन के अनुसार, बनगांव से हिंगलगंज के शमशेरनगर तक लगभग 151 किलोमीटर सीमा क्षेत्र में से करीब 50 किलोमीटर हिस्सा अब भी बिना फेंसिंग के है। खासकर जल सीमा वाले इलाकों में बीएसएफ और पुलिस संयुक्त रूप से अतिरिक्त निगरानी कर रहे है।
जिलाधिकारी शिल्पा गौरी सरिया ने बताया कि अधिकांश जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है और बाकी प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी। साथ ही, सीमा पार रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित करने की योजना भी बनाई जा रही है।
बैठक में सीमा से सटे गांवों के लोग भी शामिल हुए और उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए जमीन देने में सहयोग का भरोसा दिया। प्रशासन का लक्ष्य जल्द से जल्द पूरी सीमा को सुरक्षित करना है।





