पश्चिम बंगाल

न सोना, न नकदी, चोर ले उड़ा 40 परिवारों के जूते-चप्पल, कीमत इतनी

jantaserishta.com
23 Nov 2026 1:55 PM IST
न सोना, न नकदी, चोर ले उड़ा 40 परिवारों के जूते-चप्पल, कीमत इतनी
x
जांच जारी.
नई दिल्ली: आमतौर पर चोर रिहायशी इमारतों में सोना, नकदी या इलेक्ट्रॉनिक सामान चुराने के इरादे से घुसते हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल के हावड़ा में एक चोर ने जूते-चप्पलों पर ही हाथ साफ कर दिया. शिबपुर की एक हाउसिंग सोसाइटी में घुसे इस चोर ने करीब 40 परिवारों के महंगे फुटवियर चुरा लिए. इनकी कुल कीमत लगभग 1.2 लाख रुपये बताई गई है. चोरी की यह घटना 22 नवंबर को सुबह 4 से 5 बजे के बीच हैप्पी गार्डन हाउसिंग सोसाइटी में हुई. यह परिसर राज्य सचिवालय नबन्ना से कुछ ही दूरी पर स्थित है.
निवासियों की तरफ से शिबपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को दी गई संयुक्त शिकायत के मुताबिक, चोर सोसाइटी की उत्तर-पूर्वी दिशा में बनी चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुआ. हैरानी की बात यह है कि मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी.
परिसर में घुसने के बाद चोर ने सबसे पहले ब्लॉक B में फ्लैटों के बाहर रखी जूतों की अलमारियों को खंगाला. इसके बाद वह ब्लॉक A में पहुंचा. सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज में वह गलियारों में आराम से घूमता और महंगे स्नीकर्स, सैंडल और फॉर्मल जूते दो बड़े बैग में भरता दिखाई दिया. इसके बाद वह उसी दीवार को फांदकर बाहर निकल गया.
इस घटना से सोसाइटी के लोग हैरान और चिंतित हैं. पिछले दो महीनों में यह दूसरी बार है जब परिसर की सुरक्षा में सेंध लगी है. पहली घटना के दौरान घुसा व्यक्ति बिना कुछ चुराए लौट गया था. अब निवासियों को आशंका है कि वह रेकी करने आया हो सकता है. सोसाइटी में कई बुजुर्ग अकेले रहते हैं. ऐसे में किसी बाहरी व्यक्ति का दो बार सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर अंदर पहुंचना लोगों की चिंता बढ़ा रहा है.
निवासियों ने चोरी का सीसीटीवी फुटेज शिबपुर पुलिस को सौंप दिया है. उन्होंने पुलिस से FIR दर्ज करने, चोर की पहचान कर उसे पकड़ने और इलाके में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सुरक्षा में ऐसी चूक भविष्य में किसी गंभीर वारदात का खतरा पैदा कर सकती है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story