- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- नक्सलबाड़ी की बदलेगी...
नक्सलबाड़ी की बदलेगी तस्वीर, 95 लाख की लागत से लगेंगी 141 सोलर लाइटें

सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी में सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 141 सोलर लाइट लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उत्तर बंगाल विकास विभाग के वित्तीय सहयोग से करीब 95 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना का शुभारंभ बुधवार को नक्सलबाड़ी स्थित खेमची नदी के छठघाट पर किया गया।
योजना के तहत नक्सलबाड़ी के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। इनमें छठघाट, श्मशान काली मंदिर, महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास के क्षेत्र और अस्पताल सहित अन्य सार्वजनिक स्थान शामिल हैं।
सोलर लाइट लगाने का काम शुरू होने से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होगी और रात के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी।
छठघाट पर सोलर लाइट लगाने की पहल का छठ पूजा समिति ने स्वागत किया है। समिति के सदस्यों ने उत्तर बंगाल विकास विभाग और राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत के नेता प्रतिपक्ष साधन चक्रवर्ती ने भी इस योजना को लेकर खुशी जताई। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि मंत्री के सहयोग से लगाई जा रही सोलर लाइटों के माध्यम से आने वाले दिनों में पूरे नक्सलबाड़ी क्षेत्र में बेहतर रोशनी की व्यवस्था हो सकेगी।
करीब 95 लाख रुपये की इस परियोजना के तहत 141 सोलर लाइटें लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सार्वजनिक स्थानों पर इनकी स्थापना से स्थानीय नागरिकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।





