- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Nadia: सड़क हादसे में...
Nadia: सड़क हादसे में मचा कोहराम, दो की मौत, पांच घायल

नदिया: नदिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर सोमवार रात हुए एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल तीन लोगों को शांतिपुर अस्पताल और बाकी दो को रानाघाट महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक टोटो और स्कॉर्पियो की टक्कर के कारण यह दुर्घटना हुई।
पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, यह दुर्घटना स्कॉर्पियो चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हुई। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक और सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य हैं, जो चापड़ा इलाके के रहने वाले हैं। वे सोमवार शाम शांतिपुर अस्पताल में भर्ती अपने एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। लौटते समय टोटो में सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी गोविंदपुर इलाके में 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पहले शांतिपुर अस्पताल और बाद में रानाघाट महकमा अस्पताल ले जाया गया। जहां दो महिलाओं की मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रानाघाट अस्पताल भेज दिया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





