पश्चिम बंगाल

2 दिवसीय बंगाल यात्रा के दौरान संगठनात्मक बैठकें करने कोलकाता पहुंचे नड्डा

Shiddhant Shriwas
8 Jun 2022 2:42 PM GMT
2 दिवसीय बंगाल यात्रा के दौरान संगठनात्मक बैठकें करने कोलकाता पहुंचे नड्डा
x

कोलकाता, आठ जून (भाषा) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे, इस दौरान वह सांगठनिक बैठकें करेंगे। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

नड्डा का मंगलवार शाम दमदम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया।

बुधवार की सुबह, वह हुगली जिले के चिनसुराह में वंदे मातरम भवन जाएंगे, जहां उपन्यासकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने राष्ट्रीय गीत लिखा था।

वह जिले के चंदनगोर में रासबिहारी बोस अनुसंधान संस्थान का भी दौरा करेंगे। बाद में दोपहर में, भाजपा प्रमुख दक्षिण कोलकाता में राष्ट्रीय पुस्तकालय में राज्य कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेंगे।

गुरुवार को नड्डा पार्टी के जनप्रतिनिधियों और मंडल (स्थानीय इकाई) अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे.

नड्डा की पश्चिम बंगाल यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब पार्टी अपनी संगठनात्मक मशीनरी को फिर से जीवंत करने के लिए तत्पर है, जिसमें 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद से आंतरिक कलह और दलबदल देखा गया है।

मई में, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य का दौरा किया था और भाजपा की राज्य इकाई को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से लड़ने के लिए संगठन को मजबूत करने की सलाह दी थी।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि नड्डा का दौरा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कमियों को दूर कर राज्य इकाई को मजबूत करने की योजना बना रहा है।

Next Story