पश्चिम बंगाल

पुलिस कैंप पर भीड़ का हमला, हालात तनावपूर्ण

Saba Naaz
5 July 2026 4:22 PM IST
पुलिस कैंप पर भीड़ का हमला, हालात तनावपूर्ण
x

पश्चिम बंगाल: दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की की हत्या के बाद भारी बवाल देखने को मिला। शनिवार से लापता 12 वर्षीय बच्ची का शव रविवार सुबह सूर्यपुरहाट स्थित तालाब से बरामद होने के बाद पूरा इलाका तनाव और हिंसा की चपेट में आ गया। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने एक संदिग्ध युवक इंद्रजीत तांती (26) को पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना के बाद हजारों की भीड़ ने कुलपी रोड को जाम कर दिया और बच्ची का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने पुलिस और मीडिया टीम पर भी हमला कर दिया। कई सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और पुलिस कैंप पर भी धावा बोला गया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी और पत्रकार घायल हो गए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) तैनात कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि हिंसा के दौरान ईंट-पत्थरों से हमला किया गया और हालात काबू में लाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

परिजनों का आरोप है कि बच्ची शनिवार दोपहर घर के पास सामान लेने गई थी, तभी उसका अपहरण कर लिया गया और हत्या कर दी गई। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने सूचना मिलने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की, जिससे लोगों में गुस्सा बढ़ा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कथित दुष्कर्म की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे बढ़ेगी। प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों तथा अपराधियों दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Next Story