पश्चिम बंगाल

हावड़ा में TMC विधायक प्रसून बनर्जी के 'लापता' पोस्टर, इस्तीफे की उठी मांग

Admindelhi1
19 Nov 2026 1:11 PM IST
हावड़ा में TMC विधायक प्रसून बनर्जी के लापता पोस्टर, इस्तीफे की उठी मांग
x
बंगाल की राजनीति में हलचल, तृणमूल विधायक के खिलाफ लगे पोस्टर

हावड़ा: पश्चिम बंगाल के हावड़ा में तृणमूल कांग्रेस विधायक प्रसून बनर्जी के खिलाफ लगे 'लापता' पोस्टरों ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। बुधवार सुबह हावड़ा मैदान चौक, हावड़ा कोर्ट चौक और बाली सहित कई इलाकों में विधायक के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर दिखाई दिए। इन पोस्टरों के नीचे समाजवादी पार्टी का नाम लिखा हुआ था।

पोस्टरों में प्रसून बनर्जी को निष्क्रिय विधायक बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की गई है। अलग-अलग स्थानों पर लगे पोस्टरों में अलग-अलग संदेश लिखे गए हैं। एक पोस्टर में विधायक से सवाल किया गया कि उन्होंने सुविधाएं प्राप्त की हैं तो आम लोगों को उनसे वंचित क्यों रखा जा रहा है। वहीं, दूसरे पोस्टर में राजनीति छोड़ने की बात का उल्लेख करते हुए विधायक पद से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की गई।

इस मामले में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्रीकांत घोष ने पोस्टर लगाने की जिम्मेदारी स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि प्रसून बनर्जी ने कुछ दिन पहले प्रियरंजन दासमुंशी की श्रद्धांजलि सभा में राजनीति छोड़ने की बात कही थी। ऐसे में यदि उन्होंने राजनीति छोड़ दी है तो उन्हें विधायक पद से भी इस्तीफा देना चाहिए।

श्रीकांत घोष ने बताया कि समाजवादी पार्टी की ओर से पूरे हावड़ा जिले में प्रसून बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं।

वहीं, इस विवाद पर विधायक प्रसून बनर्जी की प्रतिक्रिया जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

फिलहाल विधायक के खिलाफ लगाए गए पोस्टर हावड़ा के राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

Next Story