- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Medinipur: मेदिनीपुर...
Medinipur: मेदिनीपुर में जनगणना प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल

मेदिनीपुर: वर्ष 2027 की जनगणना का कार्य एक अगस्त से प्रारंभ होगा। इस बार पहली बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल प्रणाली से कराई जाएगी। एक अगस्त से 15 अगस्त तक आम नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। जिन्होंने ऑनलाइन जानकारी दर्ज कराई होगी, उन्हें उसका विवरण जनगणना कर्मियों को दिखाना होगा। वहीं जो लोग ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उन्हें जनगणना कर्मी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएंगे।
जनगणना के दौरान कुल 34 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, कार सहित विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक जानकारियां एकत्र की जाएंगी।
पश्चिम मेदिनीपुर जिला प्रशासन की पहल पर जिला अधिकारी कार्यालय परिसर के एक भवन में जनगणना कार्यालय स्थापित किया गया है। आम लोगों की सुविधा के लिए एक सहायता केंद्र भी खोला गया है। जनगणना कर्मियों, मास्टर प्रशिक्षकों तथा प्रखंड विकास अधिकारियों का प्रशिक्षण भी पूरा कर लिया गया है।
जिलाधिकारी बिजिन कृष्णा ने गुरुवार शाम को पत्रकार वार्ता में बताया कि जिले के खड़गपुर, घाटाल और मेदिनीपुर महकमे के विभिन्न प्रखंडों तथा नगर निकायों में जनगणना का कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि एक अगस्त से 15 अगस्त तक लोग ऑनलाइन माध्यम से जनगणना में भाग ले सकेंगे। इसके बाद जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इस कार्य के लिए पूरे जिले में लगभग 10 हजार जनगणना कर्मियों को तैनात किया गया है।
जिला प्रशासन ने जनगणना कार्य में सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।





