पश्चिम बंगाल

बीबीसी के दफ्तरों में आई-टी 'सर्वे' पर ममता बोलीं- केंद्र हिटलर, चाउसेस्कु से अधिक निरंकुश है

Rani Sahu
15 Feb 2023 5:17 PM GMT
बीबीसी के दफ्तरों में आई-टी सर्वे पर ममता बोलीं- केंद्र हिटलर, चाउसेस्कु से अधिक निरंकुश है
x
कोलकाता, (आईएएनएस)| पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बीबीसी के मुंबई और दिल्ली स्थित कार्यालय में किए गए आयकर सर्वेक्षण को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और केंद्र को एडोल्फ हिटलर या निकोले चाउसेस्कु से भी अधिक निरंकुश करार दिया। वित्त राज्यमंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने 2023-24 के लिए राज्य का बजट पेश किया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने विधानसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीबीसी कार्यालयों में आयकर 'सर्वे' कराए जाने का जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, "इस समय की निरंकुशता हिटलर या चाउसेस्कु की तुलना में अधिक खतरनाक है। बीबीसी ने हमेशा सही और अद्यतन जानकारी दी है। तो, उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई क्यों हो रही है? बीबीसी ने कुछ ऐसा प्रसारित किया है, जो मौजूदा केंद्र सरकार के खिलाफ गया है। इसलिए यह कार्रवाई बदले की भावना से की गई है। प्रेस की स्वतंत्रता को दबाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं हमेशा प्रेस की स्वतंत्रता के पक्ष में हूं। केवल न्यायपालिका ही अब इस देश को बचा सकती है।"
हालांकि, विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य का बजट पेश किए जाने के बाद सदन पटल पर राजनीतिक भाषण देने के लिए मुख्यमंत्री की आलोचना की।
अधिकारी ने कहा, "परंपरा के अनुसार, वित्तमंत्री द्वारा बजट पेश किए जाने के बाद उस दिन कोई और नहीं बोलता। उन्होंने (ममता) इस परंपरा का उल्लंघन किया है।"
माकपा नेता सुजान चक्रवर्ती ने कहा कि जहां मुख्यमंत्री दावा कर रही हैं कि केवल न्यायपालिका ही देश को बचा सकती है, वहीं पश्चिम बंगाल में उनकी अपनी पार्टी न्यायपालिका की आवाज को चुप कराने की कोशिश कर रही है।
--आईएएनएस

Next Story