पश्चिम बंगाल

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से ममता बनर्जी के भाई ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद, कह दी बड़ी बात

jantaserishta.com
11 Nov 2026 8:17 AM IST
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से ममता बनर्जी के भाई ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद, कह दी बड़ी बात
x
देखें वीडियो.
कोलकाता: पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भाई बाबुन बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति अपना समर्थन खुलकर जाहिर किया है. मंगलवार को कोलकाता के कालीघाट में बाबुन की ओर से आयोजित काली पूजा में शुभेंदु अधिकारी पहुंचे तो उन्होंने पैर छूकर उनका स्वागत किया. माला पहनाई और अपने क्लब की ओर से उनका धन्यवाद किया. मुलाकात के बाद बाबुन ने कहा कि वह कई साल से शुभेंदु के साथ हैं और पूरी जिंदगी उनका साथ देते रहेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि अगर शुभेंदु उन्हें बुलाते हैं तो वह BJP में शामिल होना चाहते हैं.
दरअसल, शुभेंदु अधिकारी बाबुन बनर्जी की ओर से आयोजित काली पूजा और ब्लड डोनेशन कैंप में पहुंचे थे. बाबुन शाम से ही उनके आने का इंतजार कर रहे थे. जैसे ही शुभेंदु अपनी गाड़ी से उतरे, बाबुन ने आगे बढ़कर उनके पैर छुए और माला पहनाकर स्वागत किया. इस दौरान परिवार के दूसरे सदस्य भी मौजूद थे. शुभेंदु ने मां काली के दर्शन किए और आरती में हिस्सा लिया.
शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद बाबुन ने कहा कि मुख्यमंत्री का उनके कार्यक्रम में आना पूरे क्लब के लिए खुशी की बात है. उन्होंने कहा, "शुभेंदु अधिकारी मेरी काली पूजा और ब्लड डोनेशन कैंप में आए. आज मुख्यमंत्री हमारे यहां पहुंचे. अपने क्लब की ओर से मैं उनका धन्यवाद करता हूं और उनका अभिवादन करता हूं. यह हमारे लिए बहुत खुशी का दिन है."
बाबुन ने शुभेंदु के साथ अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "मैं कई साल से शुभेंदु अधिकारी के साथ हूं. आज भी उनके साथ हूं और पूरी जिंदगी उनके साथ रहूंगा. उन्होंने नंदीग्राम में बहुत अच्छा काम किया है. यह देखकर मुझे खुशी होती है. मैं चाहता हूं कि शुभेंदु अधिकारी आगे बढ़ें. हम उनके साथ हैं."
बाबुन बनर्जी ने BJP में शामिल होने की इच्छा भी जाहिर की है. बाबुन ने दावा किया कि वह 2024 के लोकसभा चुनाव के समय से ही शुभेंदु अधिकारी के साथ हैं और लंबे समय से उनके संपर्क में हैं. उन्होंने सीएम के काम की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले छह महीने में उन्होंने जो काम किया है, वह रिकॉर्ड है. उनके मुताबिक, किसी दूसरे मुख्यमंत्री ने ऐसा काम नहीं किया.
बाबुन बनर्जी और ममता बनर्जी के बीच रिश्तों में खटास पहले ही सार्वजनिक हो चुकी है. मई 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद बाबुन ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर निशाना साधा था. उन्होंने चुनाव में हार के लिए पार्टी के कुछ नेताओं को जिम्मेदार बताया था. साथ ही कहा था कि उनकी बहन उन्हें काफी पहले ही अपने से अलग कर चुकी हैं.
बाबुन ने यह भी आरोप लगाया था कि ममता बनर्जी के कार्यकाल में उन्हें जानबूझकर कई समितियों से हटाया गया. इनमें हॉकी और टेबल टेनिस से जुड़ी समितियां शामिल थीं. उनका कहना था कि उन्हें लंबे समय से अलग-थलग रखा गया.
बाबुन ने यह भी बताया कि शुभेंदु अधिकारी ने उनके कार्यक्रम में आने का वादा किया था, जिसे उन्होंने पूरा किया. इससे वह काफी खुश हैं. उनकी बेटी ने शुभेंदु को भगवान जगन्नाथ की तस्वीर भेंट की, जबकि दामाद ने उन्हें मां काली की तस्वीर दी.
इस तरह काली पूजा के कार्यक्रम में बाबुन ने न सिर्फ शुभेंदु का स्वागत किया, बल्कि उनके प्रति अपना राजनीतिक समर्थन भी जाहिर किया. BJP में शामिल होने को लेकर उन्होंने अपनी इच्छा साफ कर दी है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसके लिए शुभेंदु अधिकारी का बुलावा जरूरी है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story