- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Malda: गोदाम और पांच...

मालदा: पांच घर सहित एक गोदाम भयावह आग में जलकर राख हो गए हैं। यह घटना शुक्रवार रात हरिश्चंद्रपुर थाना इलाके के दौलतनगर हाई स्कूल के बगल में घटी है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इलाके के गोबरा मंडी के व्यापारी उस गोदाम में अपना सामान रखते थे। हर दिन की तरह उस गोदाम में शाम का दीया जलाया गया था, जिससे यह आग लगी थी। गोदाम में लगी भयानक आग पास के पांच कच्चे घरों में भी फैल गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर गांव वाले आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
भयानक आग की तेज लपटों में गोदाम का पूरा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, गोदाम से सटे पांच घर भी जलकर राख हो गए। इस बीच आग की खबर मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत में आग पर काबू पा लिया गया। हरिश्चंद्रपुर ब्लॉक नंबर दो के बीडीओ तापस पाल ने कहा कि यह एक दुखद घटना है। आग पीड़ितों को तुरंत प्रशासनिक मदद दी जाएगी।





