पश्चिम बंगाल

काली पूजा से पहले बड़ा हादसा, धू-धू कर जल उठा लाखों का भव्य पंडाल

Shubhra Nandy
9 Nov 2026 6:26 AM IST
काली पूजा से पहले बड़ा हादसा, धू-धू कर जल उठा लाखों का भव्य पंडाल
x
शॉर्ट सर्किट
पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में काली पूजा की तैयारियों के बीच भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। पांशकुड़ा थाना क्षेत्र के यशोड़ा गांव में शनिवार शाम काली पूजा के लिए तैयार किए गए भव्य पंडाल में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा पंडाल जलकर राख हो गया। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
उद्घाटन से पहले आग की लपटों में घिरा पंडाल
जानकारी के अनुसार, यशोड़ा कालीबाजार व्यवसायी समिति और स्थानीय ग्रामीणों की ओर से काली पूजा के लिए बड़े बजट का भव्य पंडाल तैयार कराया गया था। पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और आयोजक उद्घाटन की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी बीच शनिवार शाम करीब 5 बजे अचानक पंडाल में आग लग गई। आग लगने के कुछ ही समय बाद लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। पंडाल में की गई आकर्षक सजावट, निर्माण सामग्री और पूजा से संबंधित सामान आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते पूरा पंडाल जलकर खाक हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल की टीम ने मशक्कत के बाद बुझाई आग
पंडाल में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पांशकुड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मचारियों ने आग बुझाने के लिए अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पंडाल पूरी तरह जल चुका था। इस अग्निकांड में पूजा पंडाल की सजावट और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान लाखों रुपये में हो सकता है। हालांकि, वास्तविक आर्थिक नुकसान का स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आया है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने के पीछे बिजली का शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने पूजा आयोजकों और ग्रामीणों को गहरा झटका दिया है। जिस पंडाल को तैयार करने में लंबे समय तक मेहनत की गई और बड़ी रकम खर्च की गई, वह पूजा से ठीक पहले आग की भेंट चढ़ गया।
कालिम्पोंग के जंगल में भी लगी थी आग
इस घटना से दो दिन पहले पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग स्थित चालता फॉरेस्ट में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। जंगल में लगी आग की चपेट में आने से कई छोटे-बड़े पेड़ जल गए थे। अब पूर्व मेदिनीपुर में काली पूजा पंडाल में हुए अग्निकांड ने एक बार फिर आग से होने वाले नुकसान को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पंडाल में आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
Next Story