- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- बंगाल को बड़ी सौगात,...
पश्चिम बंगाल
बंगाल को बड़ी सौगात, दुर्गापुर और आसनसोल में विकसित होंगे नए इंडस्ट्रियल सेंटर
nidhi
22 July 2026 10:03 AM IST

x
दुर्गापुर और आसनसोल में बनेंगे नए औद्योगिक केंद्र, बंगाल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
Kolkata: विधानसभा में मंगलवार को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग पर हुई जवाबी चर्चा के दौरान उद्योग मंत्री तापस राय ने राज्य में औद्योगिक विकास को लेकर सरकार की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के लंबे शासनकाल में राज्य का औद्योगिक ढांचा कमजोर हुआ, लेकिन वर्तमान सरकार बंगाल को फिर से औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
उद्योग मंत्री को आयी रतन टाटा की याद
मंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए वह स्वयं देश के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे. उन्होंने कहा कि यदि रतन टाटा आज जीवित होते, तो वह बंगाल के हित में उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर राज्य में निवेश करने का आग्रह करते. उन्होंने कहा कि वह नोएल टाटा, टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, आदित्य बिड़ला समूह के कुमार मंगलम बिड़ला, गौतम अडानी समेत अन्य बड़े उद्योगपतियों से भी मुलाकात करने के इच्छुक हैं, ताकि पश्चिम बंगाल में नये उद्योग स्थापित किये जा सकें.
अब तक करीब 150 उद्योगपतियों से हुई है मुलाकात
हाल ही में राज्य में एक इनरवियर निर्माण कंपनी के निवेश को लेकर विपक्ष की ओर से किये जा रहे कटाक्ष का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार छोटे निवेश से शुरुआत कर रही है और आने वाले समय में बड़े उद्योग भी राज्य में स्थापित होंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल में उद्योगों का नया दौर शुरू होगा. विपक्ष पर निशाना साधते हुए तापस राय ने दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान बड़ी संख्या में उद्योगपति राज्य छोड़कर चले गये थे. मंत्री ने कहा कि हाल के महीनों में करीब 150 उद्योगपति उनसे मिले हैं और उन्होंने वर्तमान सरकार की औद्योगिक नीति पर भरोसा जताया है.
युवाओं को रोजगार देना सरकार का लक्ष्य
उद्योग मंत्री ने कहा कि दुर्गापुर, आसनसोल और उत्तर बंगाल को औद्योगिक विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा. सरकार का लक्ष्य राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर पैदा करना और पश्चिम बंगाल को फिर से देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में लाना है. मंत्री ने सदन को यह भी बताया कि अगले महीने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दुर्गापुर में एक प्लांट का उद्घाटन कर सकते हैं.
Next Story





