पश्चिम बंगाल

Bengal में बड़ा आरोप: मिट्टी चोरी पर FIR दर्ज

Saba Naaz
16 Jun 2026 4:05 PM IST
Bengal में बड़ा आरोप: मिट्टी चोरी पर FIR दर्ज
x

पश्चिम बंगाल:पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा विवाद सामने आया है। डायमंड हार्बर से तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ लगभग 300 करोड़ रुपये के अवैध मिट्टी खनन और तस्करी के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला कालीतला आशुलिया थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया है। शिकायत भाजपा नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अभिजीत विश्वास उर्फ बॉबी ने दर्ज कराई है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2017 से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई कर उसकी बिक्री की गई, जिससे सरकारी राजस्व और पर्यावरण दोनों को भारी नुकसान हुआ। आरोप है कि करीब 163 बीघा जमीन से मिट्टी काटकर अवैध कारोबार चलाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 300 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वर्ष 2022 और 2023 के दौरान इस गतिविधि में तेजी आने का दावा भी किया गया है।

एफआईआर में कुल 23 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, जिनमें अभिषेक बनर्जी के अलावा उनके सहयोगी सुमित राय और विष्णुपुर के तृणमूल विधायक दिलीप मंडल का नाम भी शामिल है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह एक संगठित तरीके से चल रहा अवैध कारोबार था, जिसमें कई लोग शामिल थे।

भाजपा नेता ने पुलिस को सैटेलाइट तस्वीरें भी सौंपी हैं। उनका दावा है कि इन तस्वीरों में स्पष्ट रूप से अवैध खुदाई और भूमि को हुए नुकसान को देखा जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी इस मुद्दे को उठाया गया था, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि अवैध मिट्टी खनन के कारण क्षेत्र का पर्यावरण संतुलन बिगड़ गया है और भविष्य में स्थानीय लोगों को भूमि क्षरण जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

हालांकि, खबर लिखे जाने तक अभिषेक बनर्जी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की सत्यता की पुष्टि की जा रही है।

Next Story