पश्चिम बंगाल

कोलकाता एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला

Saba Naaz
19 Jun 2026 9:12 PM IST
कोलकाता एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला
x

वेस्ट-बंगाल: कोलकाता हवाई अड्डे पर उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब रनवे पर अचानक आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिर गई। इस घटना में दो ग्राउंड स्टाफ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि अमीरात एयरलाइंस का विमान सुरक्षित बताया जा रहा है। हादसे के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रनवे पर काम के दौरान गिरी बिजली

जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब अमीरात फ्लाइट लैंड कर चुकी थी और ग्राउंड स्टाफ यात्रियों का सामान विमान से उतारने के कार्य में लगे थे। इसी दौरान अचानक तेज गरज के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों कर्मचारी आ गए। दोनों को तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

अलीपुर मौसम विभाग ने कोलकाता सहित पूरे दक्षिण बंगाल में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। कोलकाता समेत 10 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ लागू किया गया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश और तेज हो सकती है और यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।

कोलकाता में जलजमाव से बढ़ी परेशानी

लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है। कोलकाता नगर निगम ने हालात को नियंत्रित करने के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय किया है और ड्रेनेज सिस्टम की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ग्राउंड ऑपरेशन में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।

Next Story