- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- बारुईपुर में नाबालिग...
बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अब तक 3 लोग कस्टडी में

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सटे बारुईपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी आनंद सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी बारुईपुर बाजार इलाके से सोमवार को की गई। अब तक इस मामले में कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले प्रभास मंडल और दिवाकर सरदार को रविवार को गिरफ्तार किया गया था। दोनों से पूछताछ के बाद जांच में आनंद सरदार की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई थी। आखिरकार उसे बाजार क्षेत्र से दबोच लिया गया।
इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था। नाबालिग की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कुलपी रोड को जाम कर प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को कई जगहों पर बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान भीड़ ने एक संदिग्ध व्यक्ति की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। साथ ही पुलिस और मीडिया कर्मियों पर भी हमले की घटनाएं सामने आईं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने बारुईपुर के तीन थाना क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इधर, मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया है कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी और सरकार हर संभव मदद करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में दोषियों को फांसी तक की सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इलाके में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, लेकिन सुरक्षा बलों की तैनाती से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।





