पश्चिम बंगाल

दुर्गा पूजा से पहले खुल सकता है ताला पुल

Bhumika Sahu
19 Aug 2022 6:13 AM GMT
दुर्गा पूजा से पहले खुल सकता है ताला पुल
x
खुल सकता है ताला पुल

कोलकाता : उत्तर कोलकाता और उत्तर 24 परगना के लोगों के लिए लाइफ लाइन से कम नहीं है टाला ब्रिज, लेकिन लोगों के लिये अब भी पूरी तरह से तैयार नहीं हो पाया है यह ब्रिज। कोलकाता नगर निगम के डिप्टी मेयर व स्थानीय विधायक अतिन घोष ने गुरुवार को टाला ब्रिज का निरीक्षण किया। उनका कहना है कि अगर बारिश अधिक नहीं हुई तो दुर्गापूजा से पहले टाला ब्रिज को खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले क्या डेडलाइन दी गयी थी इसकी जानकारी उन्हें नहीं है, लेकिन अब पूरा यकीन है कि दुर्गापूजा से नया टाला ब्रिज चालू हो जाएगा। इस दौरान उनके साथ बोरो चैयरमैन तरुण साहा, निर्माण कंपनी के अधिकारियों के साथ निर्माण विभाग और कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों ने भी ब्रिज का जायजा लिया।

अतिन घोष ने यह भी कहा कि सीवरेज विभाग और पेयजल आपूर्ति विभाग के साथ भी एक अहम बैठक की जाएगी ताकि टाला ब्रिज को शुरू करने के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो। गौरतलब है कि 4 सितंबर 2018 को माजेरहाट पुल टूटने के बाद राज्य सरकार ने राज्य के सभी ब्रिज की स्वास्थ्य जांच शुरू की थी। उस समय टाला ब्रिज की सेहत की भी जांच की गई। विशेषज्ञों ने ब्रिज की स्वास्थ्य जांच के बाद निर्माण विभाग को बताया कि ब्रिज काफी पुराना है। ब्रिज पर कई जगह दरारें आ गई हैं। इसलिए उन्होंने इस ब्रिज को ध्वस्त करने के बाद नया बनाने का प्रस्ताव रखा था। साथ ही सिंथी, बारानगर, डनलप सहित कोलकाता के उपनगरीय इलाकों से उत्तरी कोलकाता के श्याम बाजार तक के रोड को चौड़ा किया जाएगा।

1962 में, उत्तरी कोलकाता और उपनगरों को जोड़ने वाले टाला ब्रिज का उद्घाटन किया गया था। इसे लेकर मुंबई ब्रिज विशेषज्ञ वी. के. रैना ने रिपोर्ट सौंपी। 2019 की पूजा से पहले पुराने टाला ब्रिज पर यातायात को भी नियंत्रित किया गया था और भारी यातायात पूरी तरह से रोक दिया गया था। 1 फरवरी, 2020 से टाला ब्रिज पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। फरवरी में ही तोड़फोड़ भी शुरू हो गई। मार्च 2020 में कोरोना वायरस का संक्रमण शुरू हुआ। लाॅकडाउन के दौरान भी टाला पुल तोड़ने का काम जारी रहा। अब अगर मौसम अनुकूल रहा तो पूजा से पहले पुल खुलने की संभावना है।


Next Story