पश्चिम बंगाल

Kolkata: सुकांत मजूमदार की बुला चौधरी से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा

Admindelhi1
13 Nov 2025 11:44 AM IST
Kolkata: सुकांत मजूमदार की बुला चौधरी से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा
x

कोलकाता: भारत की प्रसिद्ध तैराक और पूर्व विधायक बुला चौधरी पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हालिया टिप्पणी के बाद बुधवार को केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुकांत मजूमदार अचानक कोलकाता के कस्बा स्थित बुला चौधरी के घर पहुंच गए।

इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या बुला चौधरी अब भाजपा में शामिल होकर राजनीति के मैदान में अपनी दूसरी पारी खेलने जा रही हैं?

बुला चौधरी भारतीय तैराकी की एक चमकदार सितारा रही हैं। वह एशियाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। खेल से राजनीति में आने के बाद, उन्होंने 2006 में पश्चिम मेदिनीपुर के नंदनपुर विधानसभा सीट (अब यह सीट समाप्त हो चुकी है) से माकपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और विधायक बनीं। लेकिन पांच साल के कार्यकाल के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली।

कुछ दिन पहले, ईडन गार्डन्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्वकप विजेता ऋचा घोष को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने भाषण में बुला चौधरी का जिक्र किया था। ममता के इस बयान के बाद से ही बुला चौधरी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

इसी बीच बुधवार को सुकांत मजूमदार उनके घर पहुंचे और भाजपा के खेल प्रकोष्ठ से जुड़ने का प्रस्ताव दिया। सुकांत ने कहा कि बुला चौधरी के अनुभव का देश को लाभ मिलना चाहिए। हम हर संभव कोशिश करेंगे कि उनका अनुभव खेल के क्षेत्र में आने वाली पीढ़ियों के काम आए। लोगों से बस यही अनुरोध है कि हमें यह मौका दें।

बुला चौधरी ने बातचीत में बताया कि उनका सपना है पश्चिम बंगाल में एक स्विमिंग अकादमी खोलने का, लेकिन उन्हें इसके लिए जमीन नहीं मिल पा रही है। इस पर सुकांत ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की ओर से मदद की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी वादा किया कि दिसंबर में केंद्रीय खेल मंत्री के साथ बुला चौधरी की मुलाकात की व्यवस्था की जाएगी।

जहां तक भाजपा में शामिल होने की बात है, सुकांत ने कहा कि यह फैसला बुला चौधरी खुद करेंगी।

मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बुला चौधरी ने कहा कि मैंने कभी पुरस्कार के लिए तैराकी नहीं की। मेरा उद्देश्य हमेशा अपने देश के लिए कुछ करना रहा है।

उन्होंने आगे कहा, “मेरा सपना है कि मैं अपने अनुभव को अगली पीढ़ी तक पहुंचाऊं। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मुझे लगेगा कि मेरे सारे पुरस्कार व्यर्थ हो गए।”

जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति के जलाशय में फिर से तैरेंगी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जल ही मेरा जीवन है, और जल के बिना कोई नहीं रह सकता। भविष्य बताएगा कि क्या होगा। फिलहाल मैं खेल के लिए हमेशा तैयार हूं।

Next Story