पश्चिम बंगाल

Kolkata: कालबैशाखी से प्रभावित दक्षिण बंगाल, लाल अलर्ट

Admindelhi1
17 March 2026 3:09 AM IST
Kolkata: कालबैशाखी से प्रभावित दक्षिण बंगाल, लाल अलर्ट
x

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। सोमवार शाम कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के विभिन्न इलाकों में तेज आंधी और गरज के साथ बारिश की शुरुआत हुई।

अलीपुर मौसम विभाग ने पहले ही कालबैशाखी जैसी स्थिति और तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया था। पहले से सतर्कता बढ़ते जाने के कारण यह आंधी तूफान से बहुत बड़े नुकसान की खबर अभी तक नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार कोलकाता, हावड़ा, दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में लाल चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तर 24 परगना जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है, जबकि कोलकाता के बेहाला इलाके में सोमवार को ओले गिरने की खबर है।

अलीपुर मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। विभाग के अनुसार शुक्रवार तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

जहां दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश से मौसम खराब हो गया है, वहीं उत्तर बंगाल में भी मौसम के बिगड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बंगाल के सभी जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। खासकर पहाड़ी और उससे सटे जिलों में इसका असर अधिक रहने की संभावना है।

दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, मालदा और उत्तर तथा दक्षिण दिनाजपुर जिलों में भी गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल में फिलहाल बुधवार तक इस तरह के मौसम की स्थिति बने रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

Next Story