पश्चिम बंगाल

Kolkata: शुभेंदु अधिकारी ने खोला दुनिया का सबसे बड़ा फैशन वॉर्डरोब

Admindelhi1
11 Sept 2026 5:29 PM IST
Kolkata: शुभेंदु अधिकारी ने खोला दुनिया का सबसे बड़ा फैशन वॉर्डरोब
x
फैशन वॉर्डरोब के उद्घाटन में पहुंचे शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता: दुर्गापूजा से पहले कोलकाता में शुक्रवार को एक अनोखे ‘फैशन वॉर्डरोब’ का उद्घाटन हुआ। निजी संस्था की ओर से बनाए गए दुनिया के सबसे बड़े ‘फैशन वॉर्डरोब’ का साल्टलेक स्थित सिटी सेंटर-1 में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने औपचारिक उद्घाटन किया। 50 फुट लंबे और 20 फुट चौड़े इस विशाल इंस्टॉलेशन को इसी दिन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की मान्यता मिलने की जानकारी दी गई। उद्घाटन समारोह में संस्था के प्रतिनिधियों को इसका प्रमाणपत्र भी सौंपा गया।

इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, विधाननगर निगम के प्रशासक रवि अग्रवाल और विधाननगर के पुलिस आयुक्त अमित राठौड़ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को राज्य में औद्योगिक और कारोबारी संभावनाओं के लिहाज से सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय निजी क्षेत्र की पहल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से कारोबार और उद्योग के अनुकूल माहौल प्रभावित हुआ था। इसके कई कारण रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों में उद्योग और कारोबार के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए सरकार तथा निजी क्षेत्र की ओर से कई कार्यक्रम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में सिंडिकेट और कटमनी के कारण कारोबारी माहौल खराब हुआ था। उद्योग और कारोबार के अनुकूल वातावरण वापस लाना मौजूदा सरकार की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से वह इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने विश्व रिकॉर्ड बनाने और गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने के लिए संस्था के प्रबंधन को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य में संस्था के विस्तार और रोजगार सृजन को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल पश्चिम बंगाल में संस्था के 110 स्टोर हैं। आने वाले दिनों में इनकी संख्या बढ़ाकर 250 करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने संस्था के प्रबंधन से पश्चिम बंगाल में 110 की जगह जल्द ही 250 केंद्र स्थापित करने की प्रतिबद्धता ली है। इससे राज्य में रोजगार के और अवसर पैदा होंगे।

जानकारी के अनुसार, संस्था के देश के 10 राज्यों में कुल 275 स्टोर हैं। इनके माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से करीब 6 हजार और अप्रत्यक्ष रूप से 75 हजार लोगों को रोजगार मिला हुआ है। इसके अलावा 825 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विक्रेता भी संस्था से जुड़े हुए हैं।

Next Story