पश्चिम बंगाल

Kolkata: छह महीने में नगर पालिका बनाने का वादा

Admindelhi1
25 April 2026 11:41 AM IST
Kolkata: छह महीने में नगर पालिका बनाने का वादा
x

कोलकाता: अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में बड़ा वादा करते हुए कहा कि चुनाव परिणाम घोषित होने के छह माह के भीतर कैनिंग को नगर पालिका बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

कैनिंग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निकट आयोजित सभा में उन्होंने राज्य सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में गरीब लोगों को बंगाल आवास योजना के तहत सभी के सिर पर छत उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कैनिंग के सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था भत्ता दिया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि रोहिंग्या मुद्दा उठाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई, जिसका जवाब जनता देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बंगाल में बंगला भाषा बोलने वालों को जेल भेजने की धमकी दी थी।

अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुराने वादों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रत्येक खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की गारंटी आजीवन है।

सभा में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी परेश राम दास की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह हमेशा लोगों के बीच रहते हैं और हर व्यक्ति को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि उन्हें 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से विजयी बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में इस विधानसभा क्षेत्र में 32 हजार गरीब लोगों को बंगाल आवास योजना का लाभ मिला है। 85 हजार महिलाओं को लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि तीन लाख लोग खाद्य साथी योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि 23 तारीख (प्रथम चरण ) के मतदान के बाद तृणमूल कांग्रेस सौ सीटों से आगे निकल चुकी है , अब 29 तारीख (दूसरे चरण के मतदान के बाद विपक्ष पूरी तरह साफ हो जाएगा।

Next Story