पश्चिम बंगाल

Kolkata: जूट सेक्टर को मजबूत करने की तैयारी, केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के साथ मंथन

Admindelhi1
29 July 2026 11:28 AM IST
Kolkata: जूट सेक्टर को मजबूत करने की तैयारी, केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के साथ मंथन
x
जूट उद्योग में नई ऊर्जा भरने की तैयारी, सरकार ने उठाए कदम

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने मंगलवार को नव महाकरण स्थित श्रम विभाग में जूट उद्योग से जुड़े केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में राज्य के जूट उद्योग की वर्तमान स्थिति, बंद पड़ी जूट मिलों को दोबारा चालू करने और श्रमिकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में श्रम सचिव रचना भगत, विशेष श्रम आयुक्त आशीष सरकार तथा श्रम विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों ने हाल के समय में बंद जूट मिलों को चरणबद्ध तरीके से दोबारा खोलने और उत्पादन शुरू कराने की दिशा में श्रम मंत्री द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने जूट उद्योग की मौजूदा चुनौतियों और श्रमिकों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया।

श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उनके सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के जूट उद्योग को मजबूत बनाने और उसे आगे बढ़ाने के लिए सरकार सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से आवश्यक कदम उठाएगी।

बैठक में जूट उद्योग के विकास, श्रमिकों के हितों की रक्षा और उद्योग को स्थायी रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार, प्रशासन और ट्रेड यूनियनों के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

Next Story