पश्चिम बंगाल

कोलकाता पुलिस को मिलेगी नई ताकत, 790 पदों वाली RAF बटालियन को मंजूरी

Admindelhi1
19 Nov 2026 1:21 PM IST
कोलकाता पुलिस को मिलेगी नई ताकत, 790 पदों वाली RAF बटालियन को मंजूरी
x
बंगाल सरकार का बड़ा फैसला, कोलकाता में बनेगी नई रैपिड एक्शन फोर्स

कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने महानगर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कोलकाता पुलिस के अंतर्गत नई रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) बटालियन गठित करने की मंजूरी दे दी है। राज्य के गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर कुल 790 पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की है। इनमें 738 नियमित और 52 संविदा पद शामिल हैं।

नई बटालियन में महिला और पुरुष मिलाकर करीब 500 कांस्टेबलों की तैनाती प्रस्तावित है। इसके अलावा इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा। बटालियन को आधुनिक उपकरणों और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से लैस करने की योजना है।

इस विशेष बल की प्रमुख जिम्मेदारी महानगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आपात परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई करना होगी। हिंसा, अशांति और बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए बटालियन को तैनात किया जा सकेगा। त्योहारों, धार्मिक कार्यक्रमों, रैलियों और जनसभाओं में भी यह बल सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा।

हाल ही में दुर्गापूजा के दौरान चोरबागान के एक क्लब में भगदड़ से 19 लोगों की मौत के बाद महानगर की भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। ऐसे में नई बटालियन के गठन को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार पुलिस की कार्यक्षमता और बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने पर जोर दे रही है। सरकार का उद्देश्य कोलकाता पुलिस को बेहतर संसाधन और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराना है।

विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद भी कोलकाता में केंद्रीय बल की 12 कंपनियां विभिन्न पुलिस डिवीजनों में तैनात बताई गई हैं।

नई आरएएफ बटालियन के गठन से कोलकाता पुलिस की आपात प्रतिक्रिया, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था संबंधी क्षमताओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Next Story