पश्चिम बंगाल

Kolkata: पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ा सुरक्षा इंतजाम

Admindelhi1
22 May 2026 2:03 PM IST
Kolkata: पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ा सुरक्षा इंतजाम
x

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद की स्थिति पर नजर रखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य में आगामी 20 जून तक 500 कंपनी केंद्रीय बल तैनात रखने का निर्णय लिया है। इस संबंध में राज्य की नई सरकार को भी औपचारिक रूप से सूचित कर दिया गया है।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि चुनाव बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार ने 16 मई को केंद्र को पत्र भेजा था। राज्य सरकार ने अक्टूबर तक 500 कंपनी केंद्रीय बल की तैनाती बनाए रखने का अनुरोध किया था। हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने फिलहाल 20 जून तक ही बलों की तैनाती जारी रखने का फैसला किया है।

अधिसूचना के अनुसार राज्य में 200 कंपनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), 150 कंपनी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), 50 कंपनी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), 50 कंपनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) तथा 50 कंपनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) तैनात रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि, चुनाव के दौरान गृह मंत्रालय ने संकेत दिया था कि मतगणना समाप्त होने के बाद भी कम से कम 60 दिनों तक राज्य में केंद्रीय बल मौजूद रहेंगे। मतदान के बाद संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया था। इसी के तहत 4 मई को विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद जुलाई तक केंद्रीय बलों की तैनाती की योजना बनाई गई थी।

अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम बंगाल में 20 जून तक 500 कंपनी केंद्रीय बल तैनात रहेंगे। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में तैनात इन केंद्रीय बलों के आवागमन तथा रहने-खाने की व्यवस्था राज्य सरकार को ही करनी होगी।

Next Story