- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Kolkata: टेन्जिंग...
Kolkata: टेन्जिंग नोर्गे शेरपा के सम्मान में ममता बनर्जी का श्रद्धांजलि संदेश

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को मशहूर पर्वतारोही टेन्जिंग नोर्गे शेरपा की 111वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने एवरेस्ट फतह की 72वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक क्षण को भी याद किया, जब टेन्जिंग नोर्गे और सर एडमंड हिलेरी ने पहली बार दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर सफलता पूर्वक क़दम रखा था।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा, “मैं महान पर्वतारोही टेन्जिंग नोर्गे शेरपा को उनकी 111वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। उनका साहस आज भी दुनिया भर के रोमांच प्रेमियों को प्रेरणा देता है।” उन्होंने आगे लिखा, “आज एवरेस्ट दिवस की 72वीं वर्षगांठ भी है, जो टेन्जिंग नोर्गे और सर एडमंड हिलेरी द्वारा एवरेस्ट पर पहली बार चढ़ाई की याद दिलाता है।”
ममता बनर्जी ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी को छूने वाले उस ऐतिहासिक साहसिक अभियान की याद दिलाते हुए कहा कि यह केवल एक पर्वतारोहण नहीं था, बल्कि यह मनुष्य की अडिग इच्छाशक्ति और साहस का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि आइए हम उस जज़्बे को याद करें जिसने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी को छुआ था।
गौरतलब है कि 29 मई, 1953 को टेन्जिंग नोर्गे और सर एडमंड हिलेरी ने मिलकर माउंट एवरेस्ट की पहली सफल चढ़ाई की थी, जिसे पर्वतारोहण के इतिहास में एक अद्वितीय उपलब्धि के रूप में दर्ज किया गया है। इस दिन को हर साल 'एवरेस्ट दिवस' के रूप में मनाया जाता है।





