पश्चिम बंगाल

Kolkata: प्रेसिडेंसी जेल में बड़ी बरामदगी, आफताब अंसारी की सेल से तीन मोबाइल मिले

Admindelhi1
29 Aug 2026 2:21 PM IST
Kolkata: प्रेसिडेंसी जेल में बड़ी बरामदगी, आफताब अंसारी की सेल से तीन मोबाइल मिले
x
जेल में बंद आफताब अंसारी की सेल से मिले तीन मोबाइल, iPhone भी शामिल

कोलकाता: कोलकाता की प्रेसिडेंसी जेल में बंद कुख्यात आतंकी आफताब अहमद अंसारी की सेल से आईफोन समेत तीन मोबाइल फोन बरामद होने से हड़कंप मच गया है। तलाशी के दौरान जेल अधिकारियों को 31 हजार रुपये नकद समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी मिले हैं। इस मामले में जेल प्रशासन की ओर से हेस्टिंग्स थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, खुफिया विभाग को सूचना मिली थी कि उम्रकैद की सजा काट रहा आफताब जेल के भीतर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है। वह इंटरनेट का भी इस्तेमाल कर रहा था। सूचना के आधार पर जेल के अधिकारियों ने हाल ही में 14 नंबर सेल में तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान आफताब के कपड़ों और बिस्तर की जांच की गई, जहां से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें एक आईफोन भी शामिल बताया जा रहा है। इसके अलावा दो राउटर, वाई-फाई उपकरण, दो कार्ड रीडर, एक पेन ड्राइव और ईयरफोन भी मिले। सेल से 500 रुपये के नोटों में रखे कुल 31 हजार रुपये भी बरामद किए गए।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आफताब तक इतने मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कैसे पहुंचे। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि जेल के अंदर रहते हुए वह किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस को संदेह है कि वह व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के जरिए बातचीत करता था। यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसने पाकिस्तान में किसी से संपर्क करने की कोशिश की थी।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मोबाइल फोन, इंटरनेट उपकरण और नकदी जेल के भीतर पहुंचाने में किसी जेलकर्मी की भूमिका तो नहीं थी। इस दिशा में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद 15 मई को शुभेंदु अधिकारी ने प्रेसिडेंसी सुधार गृह में अव्यवस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की थी। उन्होंने जेलों में बंद कैदियों तक मोबाइल फोन पहुंचने को लेकर पिछली सरकार के कार्यकाल में मिली मदद पर सवाल उठाए थे। इसके बाद कई मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। प्रेसिडेंसी जेल के अधीक्षक और मुख्य नियंत्रक को निलंबित किया गया था तथा मामले की सीआईडी जांच के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बाद से जेल में बंद कैदियों के पास से कई बार स्मार्टफोन बरामद हो चुके हैं।

Next Story